मेरठ। सिविल लाइन थाने में सोमवार दोपहर जहां पुलिस गायब थी तो महिला थाने में सिपाही की मौजूदगी में एक युवक ने एक किशोरी को धमका दिया। उस पर बयान बदलने के लिए दबाव डाला गया।
प्रेम प्रसंग या महिलाओं से संबंधित अपराध में किसी पीड़िता को महिला थाने लाया जाता है तो उसे एक विशेष कक्ष में कस्टडी में रखा जाता है, जिसे पीड़िता कक्ष कहा जाता है। इस कक्ष में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध है। सोमवार दोपहर इस कक्ष में परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी प्रेम प्रसंग के मामले में कस्टडी में थी। प्रतिबंध के बावजूद एक युवक घुस आया और किशोरी पर दबाव बनाने लगा कि वह अपना बयान बदल ले। लेकिन किशोरी जिद पर अड़ी थी कि वह अपने प्रेमी के साथ ही जाएगी। पीड़िता कक्ष में युवक के घुसने पर मीडियाकर्मी ने वहां मौजूद एक महिला कांस्टेबल से सवाल किया तो वह उसे अपना रिश्तेदार बताने लगी। इस दौरान परीक्षितगढ़ थाने के दरोगा ने महिला सिपाही को फटकार लगाते हुए किशोरी से किसी की बात न कराने की हिदायत दी। तब जाकर युवक को पीड़िता कक्ष से निकाला गया।