समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं लाभ: राजेंद्र अग्रवाल
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष पर रजपुरा ब्लॉक में अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ यदि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है तो यह पंडित दीन दयाल उपाध्याय को सही श्रद्धांजली है।
अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी में कई विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल व सूचना विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का सांसद ने अवलोकन किया। इस दौरान पंजीकृत दल द्वारा नाट्य मंचन, सुभाष इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, आईसीडीएस रजपुरा ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान बताया कि मेला और प्रदर्शनी 28 जून से 30 जून तक चलेगी। इस दौरान सांसद ने ब्लॉक रजपुरा के चार लाभार्थियों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी ने कहा कि पंडित दीन दयाल ने जीरो क्लब स्थापित कर समाज के निचले स्तर के लोगों की सहायता पहुंचाने की बात कही।
मुख्य विकास अधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय विलक्षण प्रतिभा के धनी, सरल सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे जो राजनीति के अतिरिक्त साहित्य में भी रूचि रखते थे। इस अवसर पर पंडित ब्रजभूषण शर्मा ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पीडी डीआरडीए आरके त्रिवेदी ने किया। जिला विकास अधिकारी अतुल मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र प्रधान, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक शर्मा, बीडीओ रवि प्रकाश सिंह, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी पारिश मिश्रा आदि रहे।
अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी का आयोजन