- श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर आनंदपुरी में हुए धार्मिक अनुष्ठान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शुक्रवार को श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर आनंदपुरी में 16वें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ का गर्भ, जन्म एवं मोक्ष कल्याणक मनाया गया। भगवान शांतिनाथ को विशेष रूप से पाण्डुक शिला पर विराजमान किया गया।
कार्यक्रम में सुनील कुमार जैन प्रवक्ता एवं प्रभात जैन को शांतिधारा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके पश्चात शांति विधान, देव शास्त्र गुरु पूजन एवं भगवान महावीर पूजन संपन्न हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने मांडले पर 120 अर्घ्य समर्पित किए।
भगवान शांतिनाथ के मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में तरस जैन ने 16 किलो का निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। संध्या बेला में दीपकों से भव्य आरती का आयोजन किया गया। इसने पूरे मंदिर परिसर को दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। आयोजन को सफल बनाने में अतुल जैन, अरविंद जैन, अनन्तवीर जैन, अचल जैन, चैतन्य जैन, ईशान जैन एवं शिवानी जैन का सहयोग रहा।