अवैध स्वीमिंग पूल पर लगाई सील
किठौर। अवैध स्वीमिंग पूलों को लेकर आखिर प्रशासन की नींद टूट गई। बृहस्पतिवार को एसडीएम ने राजस्व टीम और पुलिस के साथ किठौर के अवैध स्वीमिंग पूल पर सील लगाने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से क्षेत्र के दूसरे स्वीमिंग पूल स्वामियों में हड़कंप मचा रहा।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को किठौर निवासी दानिश (21) अपने दोस्तों के साथ परीक्षितगढ़ मार्ग स्थित अवैध स्वीमिंग पूल में नहाने गया था। जहां छलांग लगाते वक्त उसका सिर पूल की दीवार से टकरा गया। इससे दानिश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही स्वीमिंग संचालक फरार है। बृहस्पतिवार शाम चार बजे एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव राजस्व टीम और पुलिस के साथ किठौर स्थित अवैध स्वीमिंग पूल पर पहुंचे। उन्होंने टीम से स्वीमिंग पूल पर सीलिंग की कार्रवाई कराई। लगभग 45 मिनट की कार्रवाई के बाद टीम वापस लौट गई। प्रशासन की इस कार्रवाई की भनक लगने के बाद क्षेत्र के अवैध स्वीमिंग पूल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।