हस्तिनापुर में मुठभेड़, इनामी बदमाश को गोली मारी
25 हजार का इनामी सनी धरा गया, एक दर्जन से ज्यादा हैं मुकदमे
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना/हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के रानी नंगला मोड़ पर बुधवार देर शाम मुठभेड़ हो गई। जिसमें 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी हस्तिनापुर में भर्ती कराया है।
हस्तिनापुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो बाइक स्लिप हो गई। युवक ने भागते हुए पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में युवक के पैर में गोली लगी। उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में घायल युवक ने अपना नाम सनी पुत्र महेंद्र निवासी मनोहरपुर कॉलोनी थाना हस्तिनापुर बताया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि सनी 25 हजार का इनामी बदमाश है। वह थाना गंगानगर से चोरी के अभियोग में वांछित चल रहा था। बदमाश के पास से बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। सीओ मवाना यूएन मिश्र ने बताया कि बदमाश सनी के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। अभी तक की पूछताछ में सनी पर देहरादून, गंगानगर और दिल्ली में चोरी के, हस्तिनापुर में चोरी, जानलेवा हमला तथा 25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे सहित एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे सामने आए है। उसके पास से बरामद बाइक बहसूमा से चोरी की गई थी।