सड़कों पर उतरी पुलिस, 4091 चालान काटे
- चेकिंग प्वाइंट पर नहीं मिलने पर छह पुलिसकर्मी सस्पेंड, एसएसपी ने किया निरीक्षण
- दो सरकारी वाहनों का भी कटा चालान, कुल 2.08 लाख रुपये वसूला शमनशुल्क
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
जिलेभर में बुधवार को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 4091 वाहनों के चालान काटे गये। कुल 2.08 लाख रुपये समनशुल्क भी वसूला। इस दौरान दो सरकारी वाहनों के भी चालान कटे। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से नदारत मिले छह ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया।
एसएसपी नितिन तिवारी के निर्देश पर बुधवार सुबह जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान शुरू हुआ। हर थाना क्षेत्र में कई चेकिंग प्वाइंट निर्धारित किए गए। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं लगाने वाले, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने वाले और बिना सीट बेल्ट वाहन दौड़ाने वाले चालक निशाने पर रहे। जनपद के सभी थानों में देरशाम तक 4091 चालान काटे गये। इसमें दुपहिया वाहन सर्वाधिक रहे।
एसपी ट्रैफिक ने काटे चालान
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेई बुधवार सुबह कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे। वहां से गुजर रहीं कई सरकारी विभागों की गाड़ियां भी एसपी ट्रैफिक ने चेक कीं। इस दौरान बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चला रहे एआरटीओ के चालक का एसपी ट्रैफिक ने चालान काट दिया। इसके बाद सीओ एलआईयू, इंस्पेक्टर जानी और नगर निगम के वाहन चालकों के भी चालान काटे।
लापरवाही में छह निलंबित
भैंसाली पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी खेमचंद और ब्रह्मसिंह के अलावा जुर्रानपुर में चेकिंग अभियान चला रहे चार ट्रैफिक पुलिसकर्मी लापरवाही में दोषी पाए गए। एसएसपी ने सभी छह सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया।
जनप्रतिनिधियों से हुई नोकझोंक
अभियान के दौरान कई स्थानों पर जनप्रतिनिधि और सत्ताधारी पक्ष के नेता पुलिसकर्मियों से नोकझोंक करते दिखाई दिये। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक भाजपा नेता की दरोगा से हुई कहासुनी का वीडियो वायरल हो गया। कई ने पुलिस अफसरों से भी शिकायत की। अफसरों ने जनहित का हवाला देकर शिकायतों को नजरंदाज कर दिया। कई जगह पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार करने की शिकायत मिली। इसे अफसरों ने गंभीरता से लिया।
वर्जन -
पुलिस और ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए गये अभियान का असर जनपद में दिखाई दिया। हेलमेट, तीन सवारी और सीटबेल्ट अभियान का प्रमुख हिस्सा रहे। आगे भी अभियान चलाया जाएगा। -संजीव वाजपेई, एसपी ट्रैफिक