एटीएम बदलकर पूर्व सैनिक से 1.10 लाख की ठगी
मेरठ। गाजियाबाद काम से गए पूर्व सैनिक का एटीएम कार्ड बदलकर साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत करने जब वह थाने पहुंचे तो पुलिस ने दूसरे जनपद की वारदात बताकर उनको टरका दिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जेलचुंगी निवासी जयप्रकाश पुत्र वासुदेव वायुसेना से रिटायर हैं। उनका एक अकाउंट ईस्टर्न कचहरी रोड स्थित एसबीआई शाखा में है। 17 जून को जयप्रकाश गाजियाबाद गये थे। वहां उन्होंने एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये नहीं निकले। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया है। शुक्रवार को उन्होंने बैंक जाकर पासबुक में एंट्री कराई तो पता चला कि उनके खाते से 1.10 लाख रुपये निकल गए हैं। जयप्रकाश ने बताया कि गाजियाबाद के घंटाघर क्षेत्र में उन्हें एक व्यक्ति मिला जो गार्ड जैसा प्रतीत हो रहा था। उन्होंने पैसे निकालने में उससे मदद मांगी थी। संभवत: इसी दौरान उनका कार्ड बदल दिया गया। वह व्यक्ति उनका पासवर्ड जान चुका था। उनके खाते से 17 व 18 जून को 40-40 हजार रुपये और 19 जून को 17500 रुपये की निकासी की गई।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर्रहमान सिद्दीकी ने बताया कि वारदात स्थल दूसरे जनपद का है। ऐसे में लोकल स्तर पर पुलिस कुछ नहीं कर सकती। पीड़ित को इसकी जानकारी दे दी गई है। वह गाजियाबाद जाकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं।