कंकरखेड़ा (मेरठ)। मेजर केतन शर्मा ने देश के लिए बड़ी कुर्बानी दी है। उनकी शहादत का गम पूरे देश को है। ऐसे वीर सपूतों को शत शत नमन। अब तक ना जाने कितने जवान आतंकवाद का शिकार हो चुके हैं। इस समस्या का कोई स्थाई समाधान निकले। शहादत का सिलसिला रोकने के लिए प्रधान मंत्री को पत्र भेजा जाएगा।
शहीद के घर पहुंचे विधायक सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि मेजर की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता। देश के पीएम नरेन्द्र मोदी को आतंकवाद के लिए खिलाफ ठोस कदम उठाने चाहिए और कश्मीर की समस्या का कोई स्थाई हल निकालना चाहिए। ताकि यह शहादत का सिलसिला रुक सके। उन्होंने कहा कि वह हर तरह से मेजर केतन शर्मा के परिवार के साथ खड़े हैं। इस दौरान शिव कुमार राणा, पप्पू गुर्जर, आयुष चपराणा, ज्ञानेन्द्र लिसाड़ी, महेन्द्र प्रधान, गंगाराम प्रधान, नीरज शर्मा, संदीप प्रधान, ठा. ओपी सिंह, पं. संजय त्रिपाठी, राज कुमार कौशिक, रोहित जाटव, प्रदीप ढडरा, अनिल शर्मा, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
25 लाख मिल गए, नौकरी भी मिलेगी
इस दौरान शहीद मेजर के ताऊ अशोक शर्मा ने बताया कि केतन के शहीद होने के बाद शासन ने जो घोषणाएं की थीं। उनमें पहली थी परिवार को 25 लाख रुपये आर्थिक सहायता जो कि उनको मिल चुके हैं। और दूसरी यह थी कि परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके अलावा महानगर के किसी मार्ग का नाम शहीद मेजर केतन शर्मा के नाम पर रखा जाए और कोई स्मारक पार्क भी बनवाया जाए। यह सभी घोषणाएं सरकार पूरा कर रही है। सरकार से वह संतुष्ट हैं। इसके अलावा आर्मी अफसर व जवान लगातार परिवार से संपर्क बनाए हुए हैं। हर समय किसी भी समस्या के लिए परिवार के साथ खड़े हैं। बुधवार देर शाम एसडीएम व एडीएम भी घर आए थे। उन्होंने ही उक्त बातें परिवार के लोगों को बताई थीं।