एलएलबी, और पैरामेडिकल की मेरिट अभी नहीं
मेरठ। यूजी की पहली मेरिट जारी होेने के बाद ही सीसीएसयू की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विवि दो मेरिट के बाद ओपन मेरिट जारी करेगा। जिस मेरिट में नंबर आए छात्र उसी में दाखिला ले लें, नहीं तो आगे की मेरिट में उन्हें मौका नहीं मिलेगा।
वहीं पांच वर्षीय बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी और पैरा मेडिकल कोर्सों की मेरिट बृहस्पतिवार को जारी नहीं होगी। दरअसल, बार काउंसिल ऑफ इंडिया और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने अभी बहुत से कॉलेजों को मान्यता का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया है। ऐसे में अभी पोर्टल पर इन कॉलेजों के नाम भी आने हैं। ऐसे में इनकी मेरिट अभी जारी नहीं की जा रही है।
पीजी में रजिस्ट्रेशन जारी
सीसीएसयू के कॉलेजों में पीजी कोर्स एमए, एमएससी, एमकॉम में रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। इनकी अंतिम तिथि 30 जून रखी गई है। लेकिन एलएलबी विषय अभी पोर्टल पर नहीं आ सका है। इसमें भी बीसीआई की मान्यता का मामला अटका हुआ है। प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला ने बताया कि सभी कॉलेजों से इस संबंध में जानकारी मांगी गई है।
ये हैं सीसीएसयू के कॉलेजों में यूजी कोर्सों की सीटें
मेरठ-सहारनपुर मंडल में एडेड-राजकीय और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी एजी में 1 लाख 60 हजार से ज्यादा सीटें हैं। इनमें बीए में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 24 हजार दो सौ और सेल्फ फाइनेंस में 59400 से ज्यादा, बीकॉम में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 5060 और सेल्फ फाइनेंस में 24000 से ज्यादा सीटें हैं। बीएससी बायो-मैथ-स्टैटिस्टिक्स में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 10400 और सेल्फ फाइनेंस में 22 हजार से ज्यादा सीटें हैं। बीएससी एजी में एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में 3100 से ज्यादा सीटें हैं। 12वीं के बाद पांच वर्षीय बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी में छह हजार से ज्यादा सीटें हैं। इन सभी विषयों में दस फीसदी सीटें आर्थिक आधार पर आरक्षण की बढ़ चुकी हैं।