‘मुआवजा नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन’
गंगानगर। इंचौली क्षेत्र के गांव सैनी में ग्रामीणों ने मकानों व जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर बुलाई गई पंचायत में जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुआवजा ना मिलने पर वे आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।
सैनी निवासी मोहित मलिक, भुपेंद्र मलिक, सोहनवीर सिंह आदि ने बताया कि कुछ माह पूर्व सरकारी कर्मचारी मेरठ-पौड़ी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए गांव का सर्वे करने पहुंचे थे। उस दौरान अधिकारियों ने सड़क की जद में आ रहे मकानों व दुकानों को चिह्नित किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि दो माह बाद निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अधिकारी वर्ष 2016 के हिसाब से मुआवजा देने की बात करते हैं, जबकि उन्हें 2019 के हिसाब से मुआवजा मिलना चाहिए। मामले को लेकर जिलाधिकारी, कमिश्नर, सांसद और विधायक से भी मिल चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मुआवजा नहीं मिला तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सतवीर सिंह, राकेश सिंह, सुभाष, डॉ. भारत, जगबीर, टीटू मलिक, गुरमीत मलिक, श्रीनिवास गुप्ता, योगेश गुप्ता, प्रवेशगुप्ता आदि मौजूद रहे।