पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश पकड़ा, दूसरा फरार
मवाना। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बदमाश को बाइक एवं दो तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। हालांकि बदमाश का दूसरा साथी चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस बदमाश से उसके साथी का नाम जानने में सफल नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रविवार सुबह में नहर के पुल पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। जिस पर पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया तो एक बदमाश भागने में सफल रहा। हालांकि दूसरे बदमाश को बाइक समेत पकड़ लिया। बदमाश ने अपना नाम सौरभ त्यागी पुत्र आदेश त्यागी निवासी अशोक विहार मवाना बताया। आरोपी से दो तमंचे, तीन कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया। पुलिस बदमाश से उसके दूसरे साथी का नाम जानने में विफल रही है। वहीं, यह भी नहीं जान सकी कि अवैध हथियार लेकर कहां जा रहे थे। थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया है। अभी उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। जांच कराई जा रही है तथा रिमांड पर लेकर बाकी पूछताछ की जाएगी। पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ दरोगा दौलतराम, कांस्टेबल आदेश पुंडीर, सतीश, लोकेश नागर तथा हेड कांस्टेबल सतेंद्र चौहान थे।