छह सिपाहियों के जिम्मे सवा लाख वाहनों का बोझ
सुबह से रात तक परतापुर तिराहे से गुजरते हैं एक से सवा लाख वाहन
मोदीपुरम में भी हाईवे पर वाहनों की संख्या 90 हजार से एक लाख
हाईवे पर तीन स्थानों पर दिन में ड्यूटी, नौ बजे के बाद व्यवस्था चौपट
मेरठ।
हाईवे पर यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे है। यहां निर्माण कार्य के चलते कहीं गड्ढे खोदे जा रहे हैं तो कहीं फ्लाईओवर बन रहा है। ऐसे में बरसात का सीजन आने पर लोगों के लिए यहां तमाम दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी। हाईवे पर मेरठ की सीमा पर तीन स्थानों पर कुल छह ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी है। जबकि यहां से एक लाख से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है।
दिल्ली मेरठ हाईवे पर मोदीनगर के पास पाइप लाइन बिछाने के लिए गड्ढे खोदे गए हैं। परतापुर में भूड़बराल के पास भी हाईवे कि नारे पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई का कार्य चल रहा है। वहीं परतापुर तिराहे पर इंटरचेंज निर्माण चल रहा है। मोदीपुरम में एनएच-58 पर फ्लाईओवर बन रहा है। ऐसे में हाईवे पर लगातार जाम लगा रहा है। दिल्ली मेरठ हाईवे और एनएच-58 पर 46 किमी की सीमा में हाईवे पर तीन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। मोहिउद्दीनपुर में खरखौदा मोड़, परतापुर तिराहा और मोदीपुरम में हाईवे पर ड्यूटी है। तीन स्थानों पर फ्लाईओवर के नीचे ड्यूूटी लगाई गई है। इनमें बागपत, रोहटा और कंकरखेड़ा है।
हाईवे पर बढ़ रहा वाहनों का दबाव
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि हाईवे पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। परतापुर तिराहे पर औसत के अनुसार एक दिन में सुबह सात से रात नौ बजे तक छोटे बड़े करीब सवा लाख वाहनों का आवागमन होता है। हर घंटे हाईवे पर नौ हजार वाहन निकलते हैं। जबकि मोदीपुरम में हाईवे पर एक दिन में 90 हजार से एक लाख वाहन निकलते हैं। शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक सबसे अधिक वाहनों का दबाव रहता है।
अवैध कट भी हैं मुसीबत
हाईवे पर अवैध कट भी मुसीबत बने हैं। मोहिउद्दीनपुर में दो स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी की जरूरत है। भूड़बराल कट, परतापुर बीआईटी कट, खड़ोली कट, मोदीपुरम में तीन स्थान, सिवाया टोल प्लाजा समेत दस स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी की जरूरत है।
नौ बजे खत्म हो जाती है ड्यूटी
ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक रहती है। ऐसे में यदि हाईवे पर नौ बजे के बाद जाम लग तो यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे रहती है। ऐसे में जाम को लेकर यात्रियों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ती है।
हाईवे पर कई स्थानों पर निर्माण कार्य को लेकर समस्या बन रही है। पुलिस की ड्यूटी लगाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई जाती है। कुछ स्थानों को लेकर ड्यूटी का प्लान तैयार किया जा रहा है।
संजीव बाजपेई, एसपी ट्रैफिक