सनी की मौत गला दबाने से हुई, आरोपी गिरफ्तार
जानीखुर्द। मोदीपुरम निवासी सनी की हत्या गला दबाने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने घटना के तीन आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मोदीपुरम निवासी सनी पुत्र लाभ सिंह एक सप्ताह पूर्व अपने दोस्तों के साथ भोला झाल पर नहाने आया था। शाम को उसके दोस्त घर पहुंचे गये परंतु सनी नहीं पहुंचा। इसके चलते उसकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान उसके साथ भोला झाल नहाने आए उसके दोस्तों से भी परिजनों ने पूछताछ की। वह कोई सही जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद उसके दोस्तों राहुल, सलमान व सुकरम पाल के खिलाफ सनी का अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें तीनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे। दो दिन पूर्व सनी का शव निवाड़ी क्षेत्र में रजवाहे मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानी थाना प्रभारी ब्रिजेश शर्मा के अनुसार सनी की मौत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से बताई है। पुलिस ने बुधवार को घटना में नामजद तीनों आरोपियों राहुल, सलमान व सुकरम पाल को अपहरण कर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।