डेयरी संचालक से लूट का प्रयास
मवाना। देर शाम मवाना से ढिकौली कॉलोनी लौट रहे डेयरी संचालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट करने का प्रयास किया। डेयरी संचालक द्वारा शोर मचाने तथा आसपास के लोगों को आता देख बदमाश भाग गए।
ढिकौली कॉलोनी निवासी इरफान पुत्र मिश्रुद्दीन ने मोहल्ला तिहाई में दूध की डेयरी कर रखी है। उसने बताया कि वह बीती रात करीब 10 बजे डेयरी बंदकर बाइक से लौट रहा था। वह बिजलीघर से थोड़ा आगे पहुंचा तो बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने डंडे से प्रहार किया। जिससे वह बाल-बाल बचा। इसके बाद बदमाशों ने पैर मारकर उसे गिरा दिया। इस दौरान बदमाश भी बाइक से नियंत्रण खो बैठे तथा गिर पडे़। मौका देख डेयरी संचालक ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख बदमाश भाग खडे़ हुए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि तहरीर दी है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुंलद हो चले हैं। अभी पुलिस शराब ठेकेदार के मुनीम से हुई 4.10 लाख की लूट में तीन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। बढ़ती आपराधिक वारदातों से लोगों में भय और दहशत है।