गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा व गांव मैनापूठी के बाहरी छोर पर जंगल में खेत में गोवंश के अवशेष मिलने से हिंदू संगठन के लोगों के साथ ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने मौके पर हंगामा करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को जमीन में दबाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की जानकारी दी। इस दौरान हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने गोकशों की गिरफ्तारी के साथ-साथ रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की।
बुधवार शाम को मैनापूठी गांव के कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे। इस दौरान उन्होंने पास के ही खेत में कुत्तों को घुसते हुए देखा। जिस पर युवकों को शक हुआ तो वे खेत के अन्दर घुसे तो वहां पर गोवंश के अवशेष पडे़ देख कर आक्रोश फैल गया। इसकी जानकारी पाकर मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गये। इस बीच सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिससे हिंदू संगठनों से जुडे़ लोगों ने कार्रवाई की मांग की। जिस पर उन्होंने संगठन के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।