- सिर में चोट के निशान, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। दो दिन पूर्व सरधना नहर पर दोस्तों संग नहाते समय डूबे बफावत गांव निवासी युवक का शव परतापुर क्षेत्र के रजवाहे में मिला। मनोज के सिर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दो युवकों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
बफावत निवासी मनोज(23) गत रविवार दोपहर दोस्तों के साथ सरधना नहर में नहाने गया था। शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने मनोज को तलाश किया। जब उन्होंने उसके दोस्तों से पूछा तो उन्होंने बताया कि नहर में नहाने के दौरान मनोज डूब गया है। जिस पर परिजनों ने दोनों दिन सरधना गंगनहर पुल के पास मनोज की स्थानीय तैराकों से तलाश कराई थी। मंगलवार सुबह मनोज का शव परतापुर थाना क्षेत्र के गांव छज्जुपूर के रजवाहे में पड़ा मिला। उसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने मनोज की हत्या होने की बात कहते हुए दौराला थाने में गांव निवासी दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ दौराला रितेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।