राशन डीलर के खिलाफ लामबंद हुए बातनौर के ग्रामीण
मवाना। बातनौर के ग्रामीणों ने सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता के खिलाफ सोमवार को तहसील में धरना दिया। ग्रामीण घंटों धरने पर बैठे रहे लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी मौके पर आकर समस्या नहीं सुनी। ग्रामीणों ने मंगलवार को फिर धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि 16 मई को उन्होंने शिकायत की थी। जिसकी जांच एसडीएम ने नायब तहसीलदार को सौंपी, लेकिन राशन डीलर की जांच नहीं होने पर 27 मई को ग्रामीणों ने दोबारा शिकायत की। इस दौरान एसडीएम ने संयुक्त टीम बनाकर बीडीओ, आपूर्ति निरीक्षक आदि को खुली बैठक करने के आदेश दिए थे।
एक जून को प्राइमरी स्कूल में हुई खुली बैठक में ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ बयान दर्ज कराए थे. जिसकी वीडियो भी बनाई गई थी। अब जांच के बाद राशन डीलर गांव वालों को धमका रहा है कि या तो समझौता करो नहीं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। ग्रामीणों की मांग है कि दुकान को निरस्त कर डीलर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने फोन पर एसडीएम से बात की लेकिन एसडीएम ने क्षेत्र से बाहर होना बताया। इस पर ग्रामीण वापस लौट गए और मंगलवार को दोबारा धरने की चेतावनी दी। इस दौरान अब्दुल समद, गुड्डू, ध्यान सिंह सैनी, इस्लाम, छोटू, रहीस हैदर, मोहसीन, पप्पू आदि काफी संख्या में थे।