रैपिड रेल : मेरठ बाईपास से शताब्दी नगर तक होगा रोड चौड़ीकरण
19 जून को खुलेगा टेंडर, 15 मई को वेबसाइट पर किया गया था अपलोड
मेरठ। दिल्ली से मेरठ का सफर सुहावना बनाने के लिए एनसीआरटीसी की तरफ से टेंडर प्रक्रिया जारी है। जिससे पहले चरण का कार्य समाप्त होने के बाद दूसरे चरण का कार्य शुरू किया जा सके। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण और बिजली लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य किया जा रहा है। इसमें अधिकतर टेंडर को जून और जुलाई में खोला जाना है। हालांकि, पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक कार्य शुरू कर दिया गया है। यहां पाइलिंग टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है।
मेरठ बाईपास से शताब्दीनगर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य के लिए टेेंडर 19 जून को खोला जाएगा। इसके लगभग 15 दिनों के बाद सड़क चौड़ीकरण की शुरुआत हो जाएगी। इस टेंडर को 15 मई को एनसीआरटीसी वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। 82 किलोमीटर के प्रोजेक्ट में यह हिस्सा 59 किलोमीटर से 63 किलोमीटर के बीच आता है। पहले चरण में भी इसी तरह ही साहिबाबाद से दुहाई तक सड़क चौड़ीकरण और बिजली लाइनों को शिफ्ट किया गया था। इसके बाद ही जून से यहां कार्य शुरू किया गया है।