एलेक्जेंडर क्लब : चुनाव रुकवाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका
सोमवार को सुनवाई, सचिव की जगह पूर्व कार्यकारिणी सदस्य आगे आए
डिप्टी रजिस्ट्रार ने भी बदला चुनाव कार्यक्रम, अब चार अगस्त को मतदान
मेरठ।
एलेक्जेंडर क्लब का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस विवाद में डिप्टी रजिस्ट्रार के फैसले भी बदलने शुरू हो गए हैं। डिप्टी रजिस्ट्रार ने पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम को स्थगित कर अब चार अगस्त को मतदान कराने की घोषणा की है। वहीं चुनाव रुकवाने के लिए पूर्व कार्यकारिणी सदस्य ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर सोमवार को सुनवाई होगी।
शहर के प्रतिष्ठित एलेक्जेंडर क्लब के कार्यकारिणी चुनाव का मामला दिन प्रतिदिन गहराता जा रहा है। पिछले दिनों डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज व चिट्स द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि सचिव मुकेश गुप्ता गुट इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुनाव रुकवाने का प्रयास कर सकता है। इसको देखते हुए दूसरे गुट की ओर से केविएट लगा दिया गया, लेकिन मुकेश गुप्ता गुट ने सचिव के बजाए एक पूर्व कार्यकारिणी सदस्य अनिल अग्रवाल की तरफ से याचिका दायर करा दी। इसे कोर्ट ने स्वीकार कर सोमवार को सुनवाई तय की है। रिट में सरकार के अलावा पांच अन्य लोगों को पार्टी बनाया गया है।
बदल दिया चुनाव कार्यक्रम
पूर्व में निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत 7 जून को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना था। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया आदि पूरी करते हुए 28 जून को मतदान का दिन तय था। लेकिन शुक्रवार को डिप्टी रजिस्ट्रार ने नया चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। अब 9 जुलाई को अंतिम मतदान सूची का प्रकाशन, 22 व 23 जुलाई को नामांकन पत्र लेने व जमा करने की तिथि है। इसके बाद चार अगस्त को मतदान और उसके तुरंत बाद मतगणना होगी। चुनाव कार्यक्रम बदले जाने को लेकर तमाम चर्चाएं हो रही हैं।