दूसरे चरण के टेंडर अपलोड होने शुरू
- मेरठ बाईपास से मोदीपुरम डिपो तक शिफ्ट होंगी बिजली लाइनें
मेरठ।
रैपिड रेल के दूसरे चरण में दुहाई से मेरठ तक होने वाले कार्य के लिए एनसीआरटीसी ने वेबसाइट पर टेंडर अपलोड कर दिए हैं। जिससे इस रूट पर कार्य शुरू होने से पहले टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जा सके। एनसीआरटीसी ने पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक सभी कार्यों को पहले ही निपटा लिया था। मोदीपुरम में बनाए जाने वाले डिपो के लिए तैयारियों शुरू हो गई हैं।
बृहस्पतिवार को एनसीआरटीसी ने वेबसाइट पर बिजली लाइन, ट्रांसफॉर्मर और एलटी लाइंस को शिफ्ट करने के टेंडर अपलोड कर दिए। इन टेंडरों को खास तौर पर मेरठ बाईपास से मोदीपुरम डिपो तक के लिए निकाला गया है। इसी रूट पर बिजली लाइनों को शिफ्ट कराने का कार्य शुरू कराया जाएगा। जिससे तय समय पर रैपिड रेल निर्माण का कार्य किया जा सके।
23 से 25 जुलाई में खुलेंगे टेंडर
इन टेंडर को 23 से 25 जुलाई के बीच खोला जाएगा। इनमें 33 केवी, 11 केवी, एलटी लाइंस, ट्रांसफॉर्मर आदि को शिफ्ट करने का काम होगा। इसमें जिम्मेदारी लेने वाली कार्यदायी संस्था को विस्तार से जानकारी दी गई है।
प्रचार-प्रसार के लिए टेंडर
वर्ष-2024 तक रैपिड रेल के प्रचार-प्रसार के लिए एनसीआरटीसी ने टेंडर डाक्यूमेंट वेबसाइट पर अपलोड किया है। इसकी अंतिम तारीख 18 जून तय की गई है। इस टेंडर के तहत रैपिड रेल संबंधी वीडियो, पंफलेट, ऑडियो-वीडियो का ठेका दिया जाएगा। जो लोगों को समय-समय पर इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देंगे।