पेट्रोल पंपों पर लूट में पुलिस खाली हाथ
मेरठ/परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़ में मंगलवार दिनदहाड़े दो पेट्रोल पंपों (पंवार फिलिंग सेंटर व नत्थू किसान सेवा केंद्र) पर 1.10 लाख रुपये की डकैती को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में अंधेरे में तीर चला रही है। जिस संदिग्ध युवक को घटना के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया था, उसके खिलाफ भी कोई सुबूत नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार लूट की घटना से तीन दिन पहले से ही पुलिस को क्षेत्र में बदमाशों होने की खबर मिल रही थी। मुखबिर ने गांव कुलीपुर रजवाहे की पटरी पर बाइक सवार आधा दर्जन बदमाश होने की खबर दी थी। जिस पर पुलिस ने कुलीपुर, ऐतमादपुर व अन्य मार्गों पर बदमाशों की तलाश की थी। इसके बाद भी बाइक सवार आधा दर्जन बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए दो पेट्रोल पंपों पर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
व्यापारियों से आक्रोश
दो पेट्रोल पंपों पर दिनदहाडे डकैती की वारदात होने पर नगर के संयुक्त व्यापार संघ में भारी रोष है। संघ के अध्यक्ष सुधीर गर्ग, कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, महामंत्री गौरव गर्ग व अन्य व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही मेरठ रोड पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
क्राइम ब्रांच भी लगाई
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात में क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई है। मेरठ रोड के आसपास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया जाएगा।