हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली
सरधना। हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पांच जून को जन्मदिवस के मौके पर वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। बाइक रैली का शुभारंभ सिवालखास क्षेत्र से हुआ। उसका सरधना विधानसभा क्षेत्र के सलावा गांव में समापन हुआ। इस मौके पर बाइक रैली का जगह-जगह स्वागत किया गया।
हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह, मंडल प्रभारी सचिन मित्तल, गौरव चौधरी व जिला प्रभारी अजय सोम के नेतृत्व में बुधवार को सिवालखास एवं सरधना विधानसभा क्षेत्र में बाइक रैली निकाली गई। हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पांच जून को जन्मदिन मनाया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन मनाया और इस मौके पर बाइक रैली निकाली। इस दौरान रैली का सिवालखास क्षेत्र से शुभारंभ हुआ। यह विभिन्न मार्गों से होते हुई सरधना के कुशावली रोड स्थित मुकुट महल पहुंची। यहां पर जिला कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनिंदरपाल एवं जिला कॉपरेटिव बैंक मेरठ के डायरेक्टर लाखन सिंह ने बाइक रैली का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर काफी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, ईद के दौरान बाइक रैली में शामिल युवा एवं दूसरी तरफ ईद के दौरान तेज स्पीड से बाइक चलाकर स्टंट करने वाले युवकों के बीच कहीं कोई टकराव न हो जाए इसके लिए पुलिस भी सतर्क रही। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर भी इस दौरान बाइक रैली के साथ रहे। सलावा में बाइक रैली का पहुंचकर समापन किया गया।