मवाना चीनी मिल पर किसानों के 300 करोड़ बकाया
मवाना। किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की राशि जल्द से जल्द खातों में पहुंचाने के लिए समिति ने शुगर मिल पर पूरी तरह शिकंजा कस रखा है। अब तक विभिन्न आय से शुगर मिल को प्राप्त हुए करोड़ों रुपए समिति किसानों के भुगतान के लिए शुगर मिल से ले चुकी है। हालांकि बिकने वाली चीनी से किसानों का भुगतान लगातार किया जा रहा है ।
सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस बार मवाना शुगर मिल में पेराई सत्र में बंपर चीनी का उत्पादन किया गया। आलम यह है कि गोदाम के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी चीनी को रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों का गन्ने के बकाया मूल्य भुगतान को लेकर समिति गंभीर है। इसके लिए बिकने वाली चीनी से प्राप्त रुपए किसानों के खाते में लगातार भेजे जा रहे हैं। वहीं, इस बार मवाना शुगर मिल ने 2 करोड़ 30 लाख का शीरा बेचा। जिसका 85 प्रतिशत 1 करोड़ 95 लाख समिति ने शुगर मिल से ले लिये हैं। वहीं, बिजली से प्राप्त 7 करोड़ 35 लाख रुपये, बफर स्टॉक से प्राप्त 16 लाख की सब्सिडी व सीसीएल लिमिट से मिले 60 करोड़ रुपये में से 85 प्रतिशत 51 करोड़ भी मिल से लेकर किसानों के खाते में भेज दिए गए हैं। अब तक 196 करोड़ का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। जल्द ही एक सप्ताह का 24 करोड़ का भुगतान और किया जाएगा। इसके बाद लगभग किसानों का 300 करोड़ का भुगतान शेष रह जाएगा। जिसे जल्द से जल्द मवाना शुगर मिल से प्राप्त कर किसानों के खाते में भेजा जाएगा।