जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिया का चौड़ीकरण जरूरी
मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन ने जिलाधिकारी के नाम उपजिलाधिकारी को
दिए पत्र में जाम की समस्या से निजात के लिए थाने के पास नाले की पुलिया को चौड़ा कराए जाने की मांग की है। एसडीएम ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी एवं ईओ नगर
पालिका को कार्रवाई के लिए लिखा।
एसोसिएशन ने जिलाधिकारी के नाम उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव को दिए पत्र में कहा कि मवाना में आने के दौरान एक पुलिया बड़ा महादेव की पुलिया पड़ती है। वह चौड़ी हो चुकी है। इसके बाद महामाई के समीप की पुलिया भी चौड़ी हो चुकी है। एकमात्र पुलिया कोतवाली मवाना के पास है। उसे चौड़ी करना आवश्यक है। जिससे वहां पर जाम नहीं लग सके।
पत्र में कहा कि वह व्यस्त सड़क हैं। इसेफुटपाथ तक चौड़ी कराने का आदेश पारित करने की मांग की है। जिससे जाम से मुक्ति मिल सके। वहीं, सब्जी मंडी के समीप घास मंडी की जमीन पर पुलिस चौकी निर्माण के लिए बनाई गई चारदीवारी को तोड़कर उसकी ईंटें भी गायब कर दी हैं। पत्र में कहा कि पुरानी सब्जी मंडी के पास घास मंडी की जमीन खाली पड़ी थी। उसे नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव कर पुलिस चौकी को दे दिया था। छह माह पहले नगर पालिका द्वारा ही उसकी चार फुट ऊंची दीवार करा दी गई थी। हालांकि कुछ महीने बाद ही अराजक तत्व इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। उन्होंने इसकी चारदीवारी तोड़ दी और ईंटें भी गायब कर दी हैं। इससे आसपास के व्यापारी दहशत में हैं। पत्र में मांग की कि चारदीवारी तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उस जगह पुलिस पिकेट तैनात करने के आदेश पारित करने की कृपा करें। इस संबंध में एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी तथा नगर पालिका के ईओ का कार्रवाई का आदेश दिया है। पत्र देने वालों में अध्यक्ष शैवाल दुबलिश, महामंत्री नदीम व कोषाध्यक्ष राजवीर चौधरी आदि उपस्थित थे।