छेड़छाड़ के आरोपी का थाने में उत्पात
मेरठ। छेड़छाड़ के आरोपी एक टेंपो चालक ने साकेत चौराहे से सिविल लाइन थाने तक उत्पात मचाया। पुलिस से बचने के लिए वह काफी देर तक ड्रामा करता रहा। देर रात टेंपो चालक समेत दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
साकेत चौराहे पर तैनात ट्रैफिक होमगार्ड शिवकुमार से सोमवार दोपहर कुछ युवतियों ने शिकायत की कि एक टेंपो में सवार दो युवक आती-जातीं युवतियों व महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहे हैं। थोड़ी ही देर बाद ट्रैफिक पुलिस ने इस टेंपो को पकड़ लिया। टेंपो सवार दोनों युवक शराब के नशे के बताए गए, जिन्होंने ट्रैफिक पुलिस से अभद्रता कर दी। दोनों को सिविल लाइन थाने लाया गया।
इस बीच आरोपी टेंपो चालक यूसुफ ने थाने से भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जिस पर यूसुफ ने पास ही पड़ी ईंट उठाकर अपने माथे में दे मारी। गनीमत रही कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसका हाथ पकड़ लिया। वरना चोट गंभीर हो सकती थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी जमकर खबर ली। पुलिसकर्मी उसे पकड़कर थाने में ले गए तो यहां भी उसने एक पुलिसकर्मी से अभद्रता कर दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी के अनुसार आरोपी यूसुफ निवासी लालकुर्ती और दूसरे आरोपी अरुण निवासी फिटकरी इंचौली को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी की तहरीर पर दोनों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।