तीन के बयान दर्ज, अस्थायी रूप से जुड़ी बिजली
विकास भवन में आग का मामला
- जिला बचत कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारियों के लिए बयान
- प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप कर रहे हैं जांच
मेरठ।
विकास भवन परिसर स्थित जिला पंचायती राज कार्यालय में लगी आग की जांच प्रभारी सीडीओ की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी कर रही है। सोमवार को जिला बचत कार्यालय के सहायक बचत अधिकारी ब्रिजेश, लिपिक ओमपाल और अन्य कर्मचारी के बयान लिए गए। इसके अलावा आग की चपेट में आए जिला पंचायती राज कार्यालय, जिला बचत कार्यालय, समाज कल्याण विभाग मेें अस्थायी रुप से बिजली शुरू कर दी गई है। फिटिंग का कार्य जांच रिपोर्ट आने के बाद किया जा सकेगा।
प्रभारी सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी बयान दर्ज किए जाएंगे। जिला पंचायती राज कार्यालय और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के बयान लिए जाएंगे। जिससे आग के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। इसके बाद ही फाइनल रिपोर्ट तैयार की जाएगी। हालांकि, डीएम अनिल ढींगरा ने जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश पांच सदस्यीय कमेटी को दिए थे। इस कमेटी में एडीएम सिटी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।