मोदीनगर। मोदीपोन चौकी पर पुलिस द्वारा तलाश कर लाई गई किशोरी को पिता ने डांट दिया। इससे गुस्साए दरोगा ने पिता को बेरहमी से पीटा। पीड़ित पिता का कहना है कि मामले में समझौता ना करने पर पुलिस ने यह बेरहमी दिखाई है। उधर, पुलिस अधिकारी पीटने की बात से इंकार कर रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 17 वर्षीय बेटी 29 मई को घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने गांव के ही युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर उक्त किशोरी को मेरठ के बेगमपुल क्षेत्र से बरामद कर लिया। सोमवार को किशोरी को मोदीपोन चौकी लाया गया था। इस बीच गायब बेटी को सामने पाकर पिता ने पुलिस की मौजूदगी में ही डांटना शुरू कर दिया। जिसे देखकर गुस्साए चौकी इंजार्च ने किशोरी के पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता को अन्य पुलिसकर्मियों ने बचाया। वहीं दूसरी किशोरी के पिता का आरोप है कि दरोगा उस पर अपहरण के केस में समझौता करने का आरोप लगा रहा था। जिसे ना मानने पर उसकी पिटाई की गई। मामले में चौकी इंचार्ज का कहना है कि मारपीट की बात बेबुनियाद है किशोरी का पिता पुलिस की मौजूदगी पर किशोरी पर हाथ उठा रहा था। उस समय किशोरी पुलिस की कस्टडी में थी। इसलिए उसे बलपूर्वक पीछे खींचा गया और वह संतुलन खोकर गिर गया। इससे उसके पैर में चोट लग गई। थाना प्रभारी संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि मारपीट का मामला संज्ञान में नहीं है। किशोरी का जल्द मेडिकल कराया जाएगा।