हत्थे नहीं चढ़ सका भाई का हत्यारोपी
लावड़। चिंदौड़ी मार्ग पर शनिवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर बड़े ने छोटे भाई की गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था। फिलहाल घटना को 24 घंटे गुजर गए, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है।
जानकारी के अनुसार चिंदौड़ी रोड निवासी दयाराम के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा देवेंद्र, मझला राजेंद्र व छोटा मृतक सतेंद्र था। बताया कि तीनों भाइयों में लावड़-मसूरी मार्ग स्थित काली माता मंदिर के सामने छह बीघा जमीन को लेकर विवाद है। शनिवार को राजेंद्र एवं सतेंद्र में जमीन को लेकर झगड़ा हो गया था। इस दौरान राजेेंद्र ने सतेंद्र की गला रेतकर हत्या कर दी थी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लहूलुहान हालत में मृतक सतेंद्र को देख आरोपी राजेंद्र भाग निकला था। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के लिए साक्ष्य जुटाए एवं मौके पर सबसे बड़े भाई देवेंद्र को बुलाया था। देवेंद्र ने पुलिस को जमीन के विवाद की जानकारी दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। फिलहाल पुलिस अभी तक आरोपी राजेंद्र की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं, एसओ इंचौली मनोज शर्मा ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। जिसकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।