विद्युत लाइन का तार टूटने से ईख जलकर नष्ट
सरूरपुर। ब्लॉक रोहटा के ग्राम उखलीना के जंगल मे बिजली का तार टूटने से किसानों की करीब दस बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की मगर सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने उर्जा निगम के खिलाफ तहरीर देते हुए मुआवजे की मांग की है।
ग्राम उखलीना निवासी किसान रामवीर प्रजापति, रामभजन प्रजापति, सीताराम, आशीष शर्मा ने बताया कि तीस साल से ज्यादा पुरानी विद्युत लाइन है। यह जर्जर हालत होने के कारण आए दिन चिंगारी गिरती रहती है। जिसके बाद कई बार खेतों में तार टूट कर गिर चुके हैं। इसके बावजूद उर्जा निगम इस ओर ध्यान देने का तैयार नहीं है। जानकारी देने के बाद भी बिजलीघर कर्मियों को बार-बार बताया गया, लेकिन वे बार-बार पुराना तार जोड़ देते हैं। यहां पर बिजलीघर सिंघावली जिला बागपत फीडर की लाइन है। जिसका शनिवार को तार टूटने से करीब दस बीघा गन्ने की फसल जल गई। ग्रामीणों ने उर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी धनवीर सिंह का कहना है कि मामले जांच कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी जाएगी।