साप्ताहिक पैठ में नहीं होने दी जाएगी वसूली: संगीत सोम
सरधना। नगर में रविवार को अशोक स्तंभ पुलिस चौकी से गुजरान गेट तक लगने वाली साप्ताहिक पैठ के ठेके का समय समाप्त हो चुका हैं। कुछ सभासदों का आरोप है कि पैठ के ठेके का समय समाप्त होने के बाद भी ठेकेदार अवैध वसूली कर रहा हैं। इस मामले में एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही हैं। उधर दूसरी तरफ विधायक संगीत सोम का कहना है कि जब ठेका किसी के पास नहीं है, तो दुकानदारों से अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी।
सरधना पालिका के द्वारा नगर में रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ का ठेका जो पूर्व ठेकेदार को छोड़ा गया था उसकी अवधि एक माह पूर्व समाप्त हो चुकी हैं। पालिका के कुछ सभासदों का आरोप है कि चेयरपर्सन की मिलीभगत से ठेकेदार के द्वारा पैठ में दुकानदारों से अवैध वसूली की जा रही हैं। जिसमें वह उस रुपये को नगर पालिका में भी जमा नहीं कर रहा हैं। पैठ में दुकानदारों व ठेकेदार के बीच कई बार नोकझोंक भी हो चुकी हैं। सभासद दिलशाद, शाकिर अंसारी ने इस मामले की शिकायत एसडीएम अमित कुमार भारतीय के साथ विधायक संगीत सोम से की। इस मामले में एसडीएम ने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने की बात कही है। वहीं विधायक संगीत सोम का कहना है कि दुकानदारों से ठेकेदार द्वारा की जाने वाली वसूली नहीं होने दी जाएगी। जब ठेका ही ठेकेदार के पास नहीं है, तो वह किस आधार पर वसूली कर रहा है और कौन-कौन इस मामले में लिप्त हैं, उनका भी पता लगाया जाएगा।