- दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
मेरठ। लिसाड़ी रोड पर पंक्चर की दुकान में बृहस्पतिवार रात भीषण आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी के मोहल्ला गुलजार-ए-इब्राहिम निवासी जावेद की लिसाड़ी रोड पर पंक्चर की दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे जावेद दुकान पर पंक्चर लगा रहा था। जैसे ही जावेद ने सिलोचन का प्रयोग किया, तो अचानक आग लग गई। जावेद कुछ समझ पाता, दुकान के अंदर रखे पेट्रोल के ड्रम तक आग पहुंच गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुकान के प्रथम तल पर रह रहा परिवार भी दहशत में उतर आया। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग फैलती गई। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पेट्रोल बना आग की वजह
आरोप हैं कि जावेद दुकान में नकली पेट्रोल की बिक्री भी करता है। आग लगने और उसके विकराल रूप धारण करने की वजह पेट्रोल बताया जा रहा है। बताया जाता है कि यहां अधिकांश दुकानों पर खुलेआम बोतल में पेट्रोल रखकर बेचा जाता है। कई बार लोग इसकी शिकायत पुलिस से कर चुके हैं। बावजूद इसके रोक नहीं लग सकी और यह हादसा हो गया। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह के अनुसार शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है।