गंगनहर पटरी पर भारी वाहन प्रतिबंधित
लगातार हो रहे हादसों को रोकने लिए पुलिस ने लगवाने शुरू किए हाइटगेट
स्पीड ब्रेकर का काम भी जल्द होगा शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। गंगनहर पटरी मार्ग पर दो दिन में दो हादसों के बाद आखिरकार पुलिस-प्रशासन ने गंगनहर पटरी मार्ग पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। एसपी देहात अविनाश पांडेय ने रविवार को सीओ सरधना और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि भारी वाहन गंगनहर पटरी पर न आने दिए जाएं।
सीओ सरधना पंकज सिंह ने बताया कि भारी वाहन रोकने के लिए गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। गंगनहर पटरी मार्ग दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मुरादनगर में मिलती है। ऐसे में दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा से आने वाले अधिकांश वाहन दिन और रात में मुरादनगर से गंगनहर पटरी मार्ग से निकलते हैं। ऐसे वाहन मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की के अलावा हरिद्वार पहुंचते हैँ। जबकि हरिद्वार और मुजफ्फरनगर के छोटे और भारी वाहन भी गंगनहर से गाजियाबाद की तरफ गंगनहर पटरी से ही निकलते हैं।
सीओ का कहना है गंगनहर पटरी पर भारी वाहन रोकने के लिए हाइटगेट का काम शुरू कर दिया है। जिन भी स्थानों से भारी वाहन गंगनहर पटरी पर चढ़ते हैं वहां हाइटगेज लगाए जाएंगे। हाइटगेज के लिए पोल लगाने शुरू कर दिए गए हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर पुलिस बैरियर लगाएगी। दो किमी के अंतराल में बैरियर हों और वाहन चालक तेज गति से वाहन न चलाएं। स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर का काम भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
यह कांवड़ मार्ग...
रविवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी कांवड़ मार्ग पर पहुंचे। अधिकारियों ने सीओ सरधना से कहा कि यह कांवड़ पटरी मार्ग के लिए सड़क बनाई गई थी, लेकिन अब वाहनों का आवागमन अधिक हो गया है। सीओ सरधना ने चीफ इंजीनियर से गंगनहर पटरी मार्ग पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।