मरीजों को सफाई के प्रति जागरूक किया
मवाना। सीएचसी में अब मरीजों को उपचार के साथ-साथ स्वच्छता का भी संदेश दिया जाएगा। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को अब नए गद्दों एवं चादर प्रदान की जाएंगी। कर्मियों को रोजाना चादर बदलने के निर्देश दिए हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि बीमारी से बचने के लिए अपने आसपास सफाई रखना जरूरी है। शरीर की सफाई करके भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले रोगियों एवं उनके तीमरदारों मे ंसंक्रमण न फैले इसके लिए अस्पताल की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल के वार्ड में रखे बेड पर पुराने गद्दों एवं चादर को बदलवाने का फिलहाल काम चल रहा है। जिससे सफाई वाले गद्दों पर लेटकर मरीज अच्छा अनुभव महसूस कर सके तथा जल्द ठीक हो सके। मरीजों को उपचार के दौरान चिकित्सकों ने जल्द स्वस्थ होने के लिए सफाई रखने के लिए जागरूक करने का निर्णय किया है। अब सीएचसी मवाना के चिकित्सक सभी मरीजों को अपने आसपास सफाई रखने के साथ-साथ रोज कपड़े बदलने को लेकर जागरूक कर रहे हैं। जिससे गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। सीएचसी मवाना की इस पहल की सभी सराहना कर रहे हैं। डॉ. अरुण ने बताया कि लोग अधिकतर गंदगी के चलते बीमार होते हैं। उन्होंने सबसे पहले अस्पताल को स्वच्छ बनाने का निर्णय किया है। फिलहाल अस्पताल में लगभग 30 नए गद्दे तैयार कराये जा रहे हैं। सफाई की इस दिशा में पहले से ही सीएचसी में बायोमेडिकल वेस्ट को डालने के लिए अलग कमरे तैयार कराए गए हैं।