खुद को गोली मारकर पुलिस पर लगाया आरोप
मवाना। देर शाम मोहल्ला मुन्नालाल प्रेमनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से युवक घायल को गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से पिस्टल बरामद की है।
मोहल्ला मुन्नालाल प्रेमनगर निवासी अनुज पुत्र इंद्रपाल टैक्सी चलाता है। बताया कि वह देर शाम पड़ोसी के साथ गालीगलौज कर रहा था। जिस पर पड़ोसी ने यूपी 100 को फोन कर दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उस समय भी अनुज गालीगलौज कर रहा था। जिसकी पुलिस ने वीडियो बनानी शुरू कर दी। इस पर अनुज पुलिस वालों को यह धमकी देकर गया कि अभी उनको बताता है। बतौर पुलिस अनुज ने अंदर घर में जाकर अपने बाएं हाथ में गोली मार ली तथा शोर मचा दिया कि पुलिस ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया है। पुलिस आरोपी को पिस्टल समेत पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद उसे सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसको मेरठ रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि पुलिस को फंसाने के लिए आरोपी ने यह नाटक रचा। आरोपी के पास से पिस्टल है। उससे पांच गोली एवं एक खोखा मिला है। आरोपी अनुज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।