मवाना। सीओ मवाना ने मंगलवार देर शाम थाने में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक की। उन्होंने बैठक के दौरान बुलंदशहर में हुए बवाल के बाद शांति बनाए रखने की अपील की।
सीओ मवाना पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने बुलंदशहर के चिंगरावटी में हुए बवाल को लेकर सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सभी से कहा कि यदि कोई अफवाह फैलाता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे। प्रधानों एवं गण्यमान्य लोगों ने नगर में ओवरलोड वाहनों, अवैध ई-रिक्शा से लगने वाले जाम तथा शराब के ठेकों में शराब पीकर उत्पात मचाने वालों की शिकायत की। इस पर सीओ ने आश्वासन दिया। सीओ ने थाना प्रभारी मनीष बिष्ट को अलग-अलग टीम बनाकर रात आठ से 10 बजे तक शराब के ठेकों के बाहर नजर रखने के निर्देश दिए। जिससे शराब पीकर लोग किसी से अभद्रता एवं झगड़ा न कर सकें। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के सीओ ने निर्देश दिए। इसके बाद सीओ के नेतृत्व में नगर में फ्लैग मार्च किया गया। एसआई जितेंद्र, सुनील कुमार, अनुज कुमार चौहान, संजीव, नीरज मलिक, चेयरमैन अय्यूब कालिया, संजय ततीना, शौ सिंह, सुधा चौहान, हिमांशु जैन, संजय कुमार, डा. फराहीम, विलियम प्रधान आदि मौजूद रहे।
छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
मवाना। क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के परिजनों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर छात्रा को बरामद करने की मांग की है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। छात्रा को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।