दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर की मारपीट
सरधना। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को उसकी ससुरालियों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया। शनिवार को ससुराल पक्ष उसे गाड़ी में डालकर गांव के बाहर सड़क किनारे फेंककर चले गए। महिला जैसे तैसे अपने घर पहुंची और आप बीती सुनाई। परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। तहरीर पर पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
पोहल्ली निवासी नाजरीन पुत्री गफ्फार की शादी नौ माह पूर्व भावनपुर निवासी अमीरूद्दीन उर्फ भूरा से हुई थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नाजरीन की शादी में काफी दान दहेज दिया था। आरोप है कि अब ससुराल पक्ष बुलेट बाइक नहीं मिलने पर नाजरीन का उत्पीड़न कर रहे हैं। जिसको लेकर उसके साथ काफी समय से मारपीट करते चले आ रहे हैं। इसी में शनिवार एक दिसंबर को फिर से दहेज के रूप में बुलेट बाइक व पांच लाख रुपये व अन्य कीमती जेवर की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने उसके साथ मारपीट की। शनिवार को वह पोहल्ली के निकट उसे सड़क किनारे फेंककर चले गये। आरोप है कि पति ने मांग पूरी होने के बाद ही घर में घुसने की चेतावनी दी। नाजरीन जैसे-तैसे करके अपने घर पहुंची नाजरीन की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजन नाजरीन को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की आपबीती सुनकर उसका मेडिकल कराया। साथ ही उसकी तहरीर पर पति अमीरूद्दीन, सास खातून, जेठ मेहराजुद्दीन, जेठानी शबनम, देवर शाहरुख, ननंद फिरदौस, साजो, संजीदा व लियाकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। पीड़िता ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।