जल्द हो किसानों की समस्याओं का समाधान
मवाना। भाकियू कार्यकर्ताओं की एक बैठक महामंत्री जगवीर के आवास पर आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए शो सिंह प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बकाया गन्ना भुगतान नवंबर माह के अंत में कराने का आदेश दिया है। लेकिन इसके बाद भी चीनी मिल अपनी मर्जी चला रही है। बिजली की दर जो बढ़ाई गई है, वह अब तक वापस नहीं ली गई है। किसानों के ऊपर दर्ज हुए बिजली के मुकदमे वापस होने चाहिए। किसानों को पर्ची की व्यवस्था तुरंत कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो भाकियू आंदोलन करने पर विवश होगा। बैठक में निश्चल चौहान, सरवेश, दिनेश चौहान, विशंबर, पुष्कर, राजपाल, अनिल कुमार, सतेंद्र, ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
सांड़ को पकड़ने की मांग
मवाना। निलोहा गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को गांव में उत्पात मचा रहे एक सांड़ को पकड़ने की मांग की। युवराज फाउंडेशन के अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में गांव निलोहा के ग्रामीण सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को बताया कि कुछ दिन पहले एक सांड़ उनके गांव में घुस आया है। जो ग्रामीणों को टक्कर मारता है। सांड़ के टक्कर मारने से कई ग्रामीण घायल हो चुके है, डर से बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़ने की मांग की। कृष्णपाल, सतपाल, बिजेंद्र, सचिन, सुशील आदि मौजूद रहे।