बृहस्पतिवार रात 12 बजते ही शुरू हो गया था स्नान, शुक्रवार शाम तक मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही
श्रद्धालु दिनभर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा भैंसा-बुग्गियों में सवार होकर घरों की ओर लौटते रहे
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ आस्था की डुबकी लगाई। बृहस्पतिवार रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करना शुरू कर दिया और शुक्रवार शाम तक यह क्रम जारी रहा।
कार्तिक मास की पूर्णिमा को आयोजित मुख्य गंगा स्नान के उपलक्ष्य में जिला पंचायत द्वारा मखदूमपुर गंगा घाट पर प्रतिवर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार जिला पंचायत द्वारा आयोजित मेले का उद्घाटन 20 नवंबर को डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अखिलेश कुमार, एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं विधि-विधान से गंगा पूजन करके किया था। उद्घाटन के दिन से ही गंगा घाट पर श्रद्धालु भैंसा-बुग्गी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचने लगे थे। बृहस्पतिवार को पूरे दिन गंगा मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की मवाना से मखदूमपुर तक लाइन लगी रही। वहीं, बृहस्पतिवार रात 12 बजे से ही कार्तिक पूर्णिमा का स्नान शुरू हो गया। श्रद्धालु 12 बजते ही जय गंगा मैय्या, हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ गंगा घाट पर उमड़ पड़े तथा स्नान शुरू कर दिया। रात में ही स्नान कर लोग अपने तंबू उखाड़कर घरों को लौटने लगे। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। वे शाम तक गंगा पर पहुंचते रहे और डुबकी लगाकर मन्नतें मांगी। इस अवसर पर लोगों ने गंगा में फूल व प्रसाद चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। मखदूमपुर गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। वहीं, सैकड़ों तंबुओं में डीजे की धुन पर युवा रातभर थिरकते रहे। श्रद्धालु देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा भैंसा-बुग्गियों में सवार होकर घरों की ओर लौटते रहे।
जाम देख रास्ते से ही लौटे डीएम
मखदूमपुर गंगा मेले में बृहस्पतिवार रात मां गंगे की महाआरती का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आयोजन किया। आरती में डीएम व एसएसपी आमंत्रित थे। डीएम के नही पहुंचने पर एसएसपी एवं विधायक दिनेश खटीक ने महाआरती की। वहां वापस लौटने के दौरान एसएसपी को डीएम अनिल ढींगरा रास्ते में मिले और जाम के बारे में जानकारी दी। जिस कारण डीएम अनिल ढींगरा रास्ते से ही मेरठ लौट गये।
घाट किनारे की जमकर मस्ती
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ-साथ घाट पर जमकर मस्ती की। ट्रैक्टर में लगे डीजे सिस्टम पर गाने बजाकर डांस करते नजर आए तो कुछ युवा फुटबाल एवं वॉलीबाल खेलते रहे। यही नहीं स्नान के दौरान सेल्फी लेने का क्रेज भी दिखाई दिया।
मेले में बांटा खिचड़ी का प्रसाद
गंगा घाट के पास लगे बजरंग दल के शिविर में शुक्रवार सुबह बलराज डूंगर, सौरभ शर्मा, महाराज गिरी, आशू त्यागी आदि ने पहले मां गंगे की आरती की और स्नान कर मखदूमपुर मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया। इसके अतिरिक्त शिविर में श्रद्धालुओं ने प्रतिवर्ष की भांति भंडारे का आयोजन किया।
गंगा को गंदा कर चले
इस बार भी मखदूमपुर मेले में जिला पंचायत द्वारा किए गए सफाई के दावे हवाई साबित हुए। जिला पंचायत ने गंगा को साफ सुथरा और पॉलिथीन मुक्त बनाने के दावे किए थे, लेकिन शुक्रवार को गंगा स्नान के बाद घाट पर चारों ओर पॉलिथीन एवं अन्य कूड़ा फैला हुआ था। उसे साफ करने वाला कोई नहीं था। आस्था में गंगा स्नान करने आए लोग कई बार आह्वान करने के बाद भी गंगा को गंदा करने से बाज नहीं आए।
जाम से लोग रहे परेशान
शुक्रवार को गंगा स्नान के अवसर पर मखदूमपुर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जिस कारण पूरे दिन नगर में मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। नगर के मुख्य मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को पूरे दिन जाम का सामना करना पड़ा। वहीं, मखदूमपुर मार्ग पर भी दिनभर जाम के हालात बने रहे।
मेले शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मेले में इस बार कोई विवाद नहीं हुआ। पहले से अधिक पुलिस बल मेले में तैनात किया गया था। -अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम मवाना
श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं मिले इसके लिए बजट बढ़ाया गया था। मेले का सफल आयोजन हुआ। इस बार जो कमियां इस बार रह गई हैं उन्हें अगले वर्ष तक दूर कर दिया जायेगा।-
कुलविंदर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष