जिपं अध्यक्ष ने लिया मेले की तैयारियों का जायजा
हस्तिनापुर। जनपद मेरठ में आस्था का प्रतीक माने जाने वाले कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले पांच दिवसीय गंगा मेले की चल रही तैयारी के मद्देनजर सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर ने अधिकारियों के साथ मेले स्थल का भ्रमण कर जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने की बात कही।
मेले का आयोजन मुख्य सड़क से लगभग 2.5 किमी. दूर आयोजित किया जाएगा। जिलापंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मेले को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला पंचायत द्वारा हर संभव प्रयास किया जाएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में हैंडपंप की व्यवस्था की जाएगी। मेले की व्यवस्थाओं में पूरी तरह सुधार लाने और महिला श्रद्धालुओं के लिए गंगा किनारे विशेष घाट तैयार किए जाएंगे। मुख्य मार्ग से मेले स्थल तक श्रद्धालुओं के आने जाने के लिए संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मेला स्थल पर कंट्रोल रूम, टॉयलेट एवं श्रद्धालुओं को साफ पानी में स्नान कराने के लिए घाट बनाए जाएंगे। जिसके लिए ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए। उन्होंने सोमवार को जेई जिला पंचायत अनिल गुप्ता, जेई आशीष व अवर अभियंता अभय सिंह ने कई अधिकारियों के साथ मेला स्थल का घंटों निरीक्षण किया। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों व नाविकों को अलग से कलर ड्रेस में रखा जाएगा। जिससे उनकी पहचान श्रद्धालु कर सकें।