मेंहदी प्रतियोगिता में शगुन ने बाजी मारी
मवाना। कृष्णा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस बना में मेंहदी, रंगोली, फेस पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। शुभारंभ संस्थान के कोषाध्यक्ष श्री पुखराज काकरान व प्राचार्या डॉ. सुशीला सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में मेंहदी प्रतियोगिता में शगुन ने प्रथम, शीबा द्वितीय व नेहा, कोमल, दरकशा, बिलाल तृतीय स्थान पर रही। रंगोली प्रतियोगिता में काजल को प्रथम, शिवानी द्वितीय व मोनिका को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए विभिन्न पुरस्कार अपने नाम किए। संस्थान के कोषाध्यक्ष पुखराज काकरान व प्राचार्या डॉ. सुशीला सिंह ने विजयी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता हैै।
पुलिया को चौड़ा कराए जाने की मांग
मवाना। हिंदू जागरण मंच ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर राजवाहे की पुलिया को चौड़ा कराने की मांग की है। उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव को दिए ज्ञापन में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कहा है कि मवाना नगर से हस्तिनापुर रोड स्टेट हाईवे पर रानी नंगला के समीप राजवाहे की पुलिया संकरी होने के कारण आए वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। पूर्व में हादसों के चलते कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। इस पुलिया पर जानमाल की काफी हानि हो चुकी है। भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होने की पूर्ण संभावना बनी हुई है। ज्ञापन में पुलिया को चौड़ा कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रजनीश विश्वकर्मा, दीपक कुमार, संजू गौतम आदि थे।