ट्रक ने कार में मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल
खरखौदा। सोमवार रात्रि में अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी। जिसमें कार सवार दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। उपचार को ले जाने के दौरान कार चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के फोन के आधार पर परिजनों को मामले की सूचना दी तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार हापुड़ के आर्यनगर निवासी व्यापारी आशु गोयल (40) पुत्र उत्तम चंद गोयल का मेरठ में बड़ा व्यापार है। आशु गोयल प्रतिदिन कार से ही मेरठ आता जाता था। मंगलवार की सुबह वह अपने अकाउंटेंट प्रदीप को साथ लेकर किसी काम से मेरठ गया था। देर शाम वापस लौटने के दौरान जब उनकी कार हापुड़ मेरठ रोड पर गांव कैली में गांधी शताब्दी स्मारक इंटर कालेज के सामने पहुंची तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेेजा लेकिन आशु गोयल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रदीप को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। वहीं मृतक के भाई ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक हापुड़ का भी बड़ा व्यापारी बताया जा रहा है।