सरूरपुर। ग्राम मैनापूठी में अवैध रूप से आतिशबाजी बना रहे आधा दर्जन लोगों पर शनिवार को पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई की। एसडीएम सरधना ने भारी पुलिस बल एवं फायर विभाग के अफसरों के साथ मिलकर पटाखा बनाने के कारखानों पर छापा मारकर कार्रवाई की जिससे हडक़ंप मच गया। एसडीएम ने आधा दर्जन लोगों के गोदाम पर विस्फोटक सामग्री जब्त करके सील लगा दी जबकि चार लोगों को हिरासत में भी ले लिया।
मैनापूठी गांव में हर साल की तरह लगभग आधा दर्जन कारोबारी अवैध रूप ये पुलिस-प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर छोटे-बडे़ पटाखे बनाने का काम करते आ रहे हैं। अब दीपावली नजदीक है तो यहां फिर से ये कारोबारी युद्ध स्तर पर अवैध रूप से पटाखे बनाने में जुटे हुए थे, लेकिन पुलिस-प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा था। शुक्रवार को बदायूं में हुई पटाखा फैक्ट्री में सात मौतों के बाद पुलिस-प्रशासन चेता तो आंखें फटी रह गईं। यहां मैनापूठी में शनिवार को एसडीएम अमित भारतीय थाना प्रभारी सरूरपुर रवींद्र सिंह एवं एफएसओ सुरेंद्र कुमार को साथ लेकर फोर्स पहुंचे। यहां उन्होंने रिहान, नफीस आरिफ सहित लगभग आधा दर्जन कारोबारियों से पूछताछ कर मौके पर पटाखे बनाते हुए रंगेहाथ पकड़ा। एसडीएम को मौके पर कई कमरों में भारी मात्रा में स्टॉक करके रखी गई खतरनाक आतिशबाजी मिली तो एसडीएम चौंक गए। उन्होंने बिना अनुमति के अवैध रूप से पटाखे बनाने पर नाराजगी जताते हुए उनके लाइसेंस चेक किये। किसी भी लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया और सबके लाइसेंस 2016 से रद्द पडे़ हैं। इस पर एसडीएम गुस्सा हो गए और चेतावनी दी। उन्होंने एक-एक कर सभी के गोदाम चेक किए तो वहां भी भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए मिले जबकि कुछ जगह पर एसडीएम को देखकर कारीगर खेतों में भाग गए। इसे लेकर एसडीएम ने थाना पुलिस से नाराजगी जताते हुए चार लोगों के गोदाम पर ताला लगवाकर भरे हुए माल को जब्त कर सील करा दिया और अग्रिम आदेश तक सील नहीं खोलने की हिदायत दी। इसके अतिरिक्त पुलिस को निर्देश देकर चार लोगों को हिरासत में लेकर थाना पुलिस को सौंप दिया।
मुख्य बातें
एसडीएम सरधना ने सरूरपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम मैनापूठी में चार गोदाम सील कराए
पटाखे बनाने के लाइसेंस का दो साल से नहीं कराया गया नवीनीकरण
चार लोगों को हिरासत में लेकर सरूरपुर पुलिस को सौंपा