मवाना। गांव सठला में दो दिन पहले पकड़े गए लाखों रुपये के पटाखों को नष्ट करने के लिए मंगलवार को थाना प्रभारी ने कोर्ट में अर्जी डाली है। आदेश मिलते ही इन्हें नष्ट कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि दो दिन पहले एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव व सीओ मवाना अखिलेश भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने सठला गांव में छापा मारकर मकसूद एवं नाजिम के गोदामों से लाखों रुपये के पटाखे बरामद किए थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई कर आरोपी मकसूद की तबीयत खराब होने के चलते उसे थाने से ही जमानत दे दी थी, जबकि उसके पुत्र नाजिम का चालान कर दिया था। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने मंगलवार को लाखों रुपये कीमत के पटाखों को नष्ट करने के लिए कोर्ट में अर्जी डाली है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार पटाखों को नष्ट करने के लिए जगह का चिह्निकरण कर कोर्ट से आदेश लेना पड़ता है। इसके बाद पटाखे नष्ट किए जाते हैं। उन्होंने मंगलवार को आदेश प्राप्त करने के लिए कोर्ट में अर्जी डाली है। कोर्ट से आदेश मिलते ही पटाखे नष्ट कर दिए जाएंगे।