संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल जाम तथा अन्य समस्याओं के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी से मिला तथा समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान कराए जाने की मांग की।
सीओ को समस्याएं बताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बीते वर्ष गन्ने के वाहनों को दिन में शुगर फैक्ट्री जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग जैसे नहर की पटरी से, बड़ा महादेव के बराबर की पटरी से, मेरठ रोड़ के बाईपास से की गई थी। उसे इस बार भी लागू किया जाये तथा उन रास्तों पर आने वाली समस्याओं का निस्तारण किया जाए जिससे दिन में गन्ने के वाहन वहां से निकल सके।
सेंटर से गन्ने लाने के लिए ठेकेदार अवैध ट्रॉलों का इस्तेमाल करते है उन पर सख्ती से रोक लगाई जाए। प्राइवेट बसों व रोडवेज बसों द्वारा जगह-जगह सवारी बैठाना और उतारने के कारण बसों के पीछे लंबी लाइन लग जाती है यदि बसों को रोकने के लिए रोडवेज बस स्टैंड, थाना मवाना स्टॉप तथा पुलिस चैाकी निर्धारित किए जाए। थ्री व्हीलर और ई-रिक्शाओं के कागज और ड्राईवरों के लाईसेंस आदि चेक किए जाए। जिससे अवैध रूप से चलने वाले ऑटो व ई-रिक्शाओं को रोका जा सके।
नगर में बैंकों के आगे पार्किंग की सुविधा नहीं है जिससे आस-पास के दुकानदारों को परेशानी होती है और दुकान के आगे वाहन खड़े करने से रोकने पर बैंक में आने वाला उपभोक्ता व्यापारी से लड़ने लगता है। व्यापारी परेशान है बैंक द्वारा पार्किंग की समस्या का कुछ समाधान होना चाहिए।
दीपावली तक प्रात: 11 बजे से शाम छह बजे तक के लिए सुभाष बाजार, सब्जी मंडी से लेकर केशव मार्केट, मुन्नालाल बाजार से सुभाष चौक तक ई-रिक्शा, ठेलियों या अन्य चौपहिए वाहनों पर रोक लगा दी जाए। जिससे बाजार में जाम की समस्या का समाधान हो सके।इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रति निधि मंडल में शैवाल दुबलिश, नदीम, अनुभव दुबलिश, मांगेराम मित्तल, वीरसेन, प्रेमसिंह आदि उपस्थित रहे।