पानी के विवाद में महिला से मारपीट
मवाना। नगर के मोहल्ला तिहाई में पानी के विवाद में पड़ोसी ने एक महिला के साथ जमकर मारपीट की। महिला ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है। मोहल्ला तिहाई निवासी गीता ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह सरकारी पानी की टंकी से पानी भर रही थी। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस का ही एक लड़का आया और उसकी बाल्टी में झूठा पानी डाल दिया। जब उसने विरोध किया तो उसके परिजनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में महिला घायल हो गई। पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कार की टक्कर से बाइक सवार दो घायल
मवाना। मवाना खुर्द बाईपास पर बृहस्पतिवार सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी मवाना में भर्ती कराया। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। मीरापुर निवासी राकेश अपने दोस्त अक्षय के साथ बृहस्पतिवार को किसी काम से मेरठ अपनी बाइक से जा रहा था। बताया गया है कि मवाना खुर्द बाईपास पर पहुंचते ही एक कार ने ओवर टेक करने के फेर में उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक घायल हो गए। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने मामले की जानकारी मवाना खुर्द चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी मवाना में उपचार दिलाया। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। चौकी प्रभारी मनोज त्यागी का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है।