मवाना (मेरठ)। बहसूमा बाईपास पर बुधवार को कार के सामने बाइक सवार के आ जाने से भाजपा नेता एवं उनकी पुत्री घायल हो गई। पुलिस और भाजपाइयों ने आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने भाजपा नेता की पुत्री को मेरठ रेफर कर दिया।
बिजनौर निवासी नीरज शर्मा अपनी बेटी आकांक्षा एवं पत्नी के साथ कार में सवार होकर मेरठ से बिजनौर जा रहे थे। मवाना खुर्द पुलिस चौकी से कुछ आगे बहसूमा बाईपास पर उनकी कार के सामने एक बाइक सवार आ गया। जिस कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई। लोगों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला। नीरज शर्मा ने हादसे की जानकारी फोन पर परिचित को दी। बताया कि नीरज शर्मा बिजनौर के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और फिलहाल अन्य किसी पद पर हैं। नीरज शर्मा की घायल पुत्री आकांक्षा को मेरठ भर्ती कराया है। वहीं, बाइक सवार घायल युवक इस्तेकार को भी पुलिस ने मेरठ भर्ती कराया है। उधर, दूसरे मामले में भैंसा-बुग्गी की टक्कर से बाइक सवार महिला जयपाली घायल हो गई। वह पति ओमप्रकाश के साथ मवाना से अपने गांव सैफपुर कर्मचंदपुर लौट रही थी। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि दोनों घटनाओं के संबंध में तहरीर नहीं मिली है।