मवाना। सीएचसी में पंडित दीनदयाल की जयंती पर सफाई अभियान में शामिल हस्तिनापुर विधायक द्वारा चिकित्सकों से बाहर की दवा लिखने पर गलत व्यवहार करने से नाराज चिकित्सक लामबंद हो सकते हैं। सूत्रों की माने तो इस संबंध में चिकित्सकों ने गोपनीय बैठक की है।
बताते चलें कि मंगलवार को पंडित दीनदयाल की जयंती पर हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक सीएचसी मवाना में सफाई अभियान में शामिल हुए थे। इससे पहले उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण किया और एक मरीज की शिकायत पर बाहर की दवा लिखने पर चिकित्सकों से नाराजगी जताई। चिकित्सकों का आरोप है कि उनसे गलत व्यवहार किया गया। इससे चिकित्सकों में नाराजगी है। एसीएमओ जीके मिश्रा बृहस्पतिवार को सीएचसी पहुंचे। हालांकि एसीएमओ रुटीन निरीक्षण की बात कहते रहे परंतु दबी जुबान में कर्मचारियों ने चिकित्सकों के साथ गोपनीय बैठक करने की जानकारी दी। दोपहर करीब डेढ़ बजे एक चिकित्सक को सीएचसी में छोड़कर बाकी सभी डॉक्टर मेरठ के लिए रवाना हो गए। बताया कि इस मुद्दे को लेकर सीएमओ के साथ सभी चिकित्सकों ने बैठक की है। माना जा रहा है कि चिकित्सकों की यह चुप्पी लामबंदी की ओर इशारा कर रही है। इस संबंध में एसीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि वह किसी बैठक में शामिल होने नहीं आए। वह रुटीन की तरह निरीक्षण पर आए हैं।