एटीएम से दो हजार का नकली नोट निकला
मवाना। सुभाष चौक स्थित एक बैंक के एटीएम से बुधवार को दो हजार रुपये का नकली नोट निकला। नकली नोट होने की जानकारी पर शिक्षक ने मामले की शिकायत शाखा प्रबंधक से की। शाखा प्रबंधक ने मामले की जांच कराने का शिक्षक को आश्वासन दिया है।
नगर निवासी रामभूल नाथ एएस इंटर कालेज में शिक्षक है। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनका सुभाष चौक स्थित पीएनबी में खाता है। बुधवार को उन्होंने बैंक के बराबर में एटीएम से अपने वेतन से 12 हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह बाजार में सामान लेने चले गए। सामान के रुपये देने पर पता चला कि निकाले गए दो-दो हजार के नोटों में से एक नोट नकली था। नकली नोट की जानकारी पर शिक्षक के होश उड़ गए। आनन फानन में शिक्षक रामभूल नाथ शाखा प्रबंधक पृथ्वी राज मीना से मिलने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। शिक्षक ने इसे बैंक का फाल्ट बताया। जबकि शाखा प्रबंधक ने जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होने की बात कहीं। शाखा प्रबंधक पृथ्वी राज मीना का कहना है कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलावकर जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।