राशन डीलर की दुकान पर की छापामारी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के पांचली बुजुर्ग गांव में मगंलवार को आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने राशन डीलर की दुकान पर छापामार कार्रवाई की। जिसमें कालाबाजारी के लिए जा रहे गेहूं को अधिकारियों ने पकड़ लिया। इस दौरान राशन डीलर रिकॉर्ड लेकर मौके से फरार हो गए। मामले को लेकर अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
ग्रामीणों की शिकायत पर आपूर्ति विभाग की टीम ने मगंलवार को गांव पांचली बुजुर्ग स्थित राशन डीलर की दुकान पर छापा मारा। जिसके चलते उन्होंने गांव के दो राशन डीलर इकबाल व रोशन की दुकान पर छापामारी की तो वहां पर ट्रैक्टर में लादकर सरकारी गल्ले को कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। जिस पर अधिकारी ने ट्रैक्टर में भरे राशन को देखा तो उसमें सरकारी मार्का के बोरों में पैक गेहूं भरे हुए थे। जिस पर उन्होंने गेहूं समेत ट्रैैक्टर को कब्जे में लेते हुए मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने की बात कही। हालांकि अफसरों को देख दोनों ही राशन डीलर रिकॉर्ड लेकर मौके से फरार हो गए। वहीं, समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी। इस संबंध में एसडीएम सरधना अमित भारतीय ने बताया कि पुलिस फोर्स के साथ टीम भेजी गई थी। राशन डीलर के यहां कालाबाजारी होने की सूचना उन्हें मिली है। हालांकि टीम ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं सौंपी है। टीम के रिपोर्ट सौंपने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।