पावरलूम फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का सामान राख
सरधना। मोहल्ला धर्मपुरा स्थित एक पावरलूम फैक्ट्री में सोमवार को अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिस समय आग लगी उस समय कई कारीगर फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे। उन्होने बमुश्किल वहां से निकलकर जान बचाई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया, जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लाखों रुपये का कपड़ा व सामान जल चुका था।
मोहल्ला धर्मपुरा निवासी हाजी नत्थू पुत्र मंगते ने कालंद रोड बिजलीघर के निकट पावरलूम फैक्ट्री कर रखी है। रविवार की रात को वह फैक्ट्री में कारीगरों को काम पर लगाकर घर चला गया। फैक्ट्री के अंदर से पड़ोसी का विद्युत केबल गुजर रहा है। सोमवार को अलसुबह करीब साढे़ तीन बजे अचानक केबल में आग लग गई और केबल से निकली चिंगारी से मशीनों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे कारीगरों में चीख पुकार मच गई। कारीगर अंदर ही आग में घिर गए। उन्होंने बमुश्किल वहां से निकलकर जान बचाई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ी मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री में लगी करीब दर्जनभर मशीन जलकर मलबे में तब्दील हो गई। कई लाख रुपये की कीमत का धागा आग में जलने की बात फैक्ट्री मालिक द्वारा कही जा रही हैं।